लखनऊ। मुंबई से संचालित हो रहे तत्काल कोटे के गोरखधंधे को लेकर सीबीआई की छापेमारी के बाद जुटाए गए सुबूत आगे की कार्रवाई के लिए रेलवे बोर्ड भेज दिए गए हैं। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने सीबीआई को मुंबई में आगे की कार्रवाई के लिए आवश्यक दिशानिर्देश जारी करने को कहा है। रिपोर्ट रेलवे बोर्ड मुख्यालय को सौंप दी गई है, लेकिन आगे की कार्रवाई के आदेश देने वाले संबंधित आला अधिकारी नई रेल लाइन के उद्घाटन के सिलसिले में जम्मू रवाना हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक शनिवार तक बोर्ड इस पर निर्णय ले लेगा।
उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन के प्रयासों के बाद रेल मंत्रालय ने इस खेल का पता लगाने के लिए सीबीआई की मदद मांगी है। मामले की जांच कर रहे सीबीआई अधिकारियों ने पिछले दिनों जंघई में जब गोदान एक्सप्रेस में छापा मारकर एक वाहक को पकड़कर पूछताछ की तो कई अहम जानकारियां हाथ लगी थीं। वाहक की निशानदेही पर वाराणसी, बहराइच व आजमगढ़ से गिरफ्तार तीन बड़े एजेंटों ने सीबीआई को मुंबई में मध्य रेलवे के कई अधिकारियों और रेल आरक्षण केंद्रों पर तैनात बाबुओं के नाम व पते बताए थे। सीबीआई को मुंबई स्थित सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (क्रिस) मध्य के डाटा बेस सर्वर में छेड़खानी किए जाने का शक है। सीबीआई रेलवे बोर्ड से अनुमति मिलते ही क्रिस के सर्वर की तकनीकी जांच और मध्य रेलवे के अधिकारियों से पूछताछ कर सकती है।
उधर, उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन की तरह अब पूर्वोत्तर रेलवे मंडल प्रशासन ने भी कुशीनगर एक्सप्रेस और 12541 गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस में तत्काल कोटे के खेल का पता लगाने के लिए सीबीआई की मदद लेने की मांग मुख्यालय से की है। हालांकि मुख्यालय की ओर से सीबीआई से संपर्क करने की पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी एके सिंह का कहना है कि उनका जोनल मुख्यालय लखनऊ से मिली रिपोर्ट पर गंभीरता से विचार कर रहा है। हालांकि मामले की सीबीआई जांच का निर्णय रेलवे बोर्ड का हो सकता है, इस बारे मेें मुझे कोई जानकारी नहीं है।
-------------------------------------------------------
टिकट निकलना जारी
लखनऊ। बुधवार को गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनल जाने वाली ट्रेन 11016 कुशीनगर एक्सप्रेस और 12541 सुपरफास्ट एक्सप्रेस का तत्काल मंगलवार सुबह दस बजे खुला। मंगलवार को कुशीनगर एक्सप्रेस की शयनयान श्रेणी की 302 में से 182, एसी तृतीय की 32 में से 19 और एसी द्वितीय की 10 में से आठ सीटों की बुकिंग मुंबई में ही हुई। 12541 लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट की एसी द्वितीय की आठ और एसी तृतीय की 12 में से कोई टिकट मुंबई में नहीं बना पर शयनयान में 107 में से 50 सीटों की बुकिंग मुंबई में हुई।