लखनऊ। पीजीआई क्षेत्र स्थित शहीद पथ पर हादसे में मृत ठेकेदार के घरवालों को दारोगा की बाइक फूंकना महंगा पड़ गया। दारोगा ने मंगलवार को मृतक के परिवार के सात अज्ञात लोगों पर मोटरसाइकिल जलाने, हंगामा करने व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
सोमवार रात पीजीआई क्षेत्र के रमाबाई स्थल के पास शहीद पथ पर सरोजनीनगर फेस-2 निवासी रेलकर्मी हनुमान सिंह के बेटे ठेकेदार अभय सिंह को बेकाबू वाहन ने रौंद दिया था। वह बाइक से उतरेटिया जा रहा था। राहगीरों ने 108 व 100 नंबर पर सूचना दी, लेकिन एंबुलेंस पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। इससे नाराज भीड़ ने एक घंटे देर से पहुंची पुलिस पर पथराव किया। वहीं, साउथसिटी चौकी इंचार्ज वीरेंद्र भदौरिया से राहगीरों की नोकझाेंक भी हुई। इसके बाद नाराज लोगों ने बाइक में आग लगा दी थी, जिसे कुछ ही देर में बुझा लिया गया था।