लखनऊ। प्रतिबंध के बाद भी शहर में बिक रहे गुटके की धड़ पकड़ के लिए एफएसडीए की जिला टीम ने मंगलवार को दो दुकानों पर छापा मारा। कुर्सी रोड इलाके में हुई इस कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने 16 हजार से अधिक कीमत के 140 बंडल गुटका बरामद किए। टीम ने दोनों ही दुकानों से बरामद हुए गुटका व पान मसाला के पांच नमूने सीलबंद कर जांच के लिए भेज दिए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह ने बताया कि प्रतिबंधित गुटका की होल सेल बिक्री की गोपनीय शिकायत के आधार पर जांच टीम ने मंगलवार को कुर्सी रोड स्थित एक स्वीट हाउस के समीप उक्त कार्रवाई की। जांच टीम ने वहां मौजूद चौहान ट्रेडर्स व बाबूलाल ट्रेडर्स के नाम से संचालित दो अलग-अलग दुकानों पर छानबीन के बाद कमला पसंद व कायम ब्रांड के नाम से बिक रहा प्रतिबंधित गुटका के बंडल बरामद किए। बाबूलाल ट्रेडर्स के यहां से टीम को 39 बंडल कायम व 81 बंडल कमला पसंद के पाउच मिले जबकि चौहान ट्रेडर्स के यहां से केपी ब्रांड गुटका के 20 बंडल मिले।
बरामद गुटका पाउच की बाजार कीमत 16,835 रुपया आंकी गई है। दोनों जगह से बरामद गुटका पाउच में से प्रयोगशाला जांच के लिए नमूनों को सीलबंद कर नष्ट करने के लिए जब्त कर लिया गया। दोनों दुकानों पर बिक रहे अलग-अलग ब्रांड के कुछ सादे पानमसाले के पाउच से भी जांच के लिए नमूना भरा गया है। सीएफएसआई ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा गुटका बिक्री पर लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद चोरी छिपे शहर में बिक रहे गुटका पर रोक लगाने के लिए नियमित तौर पर छापेमारी होगी।