लखनऊ। दिल्ली से लखनऊ के लिए उड़ान भरने वाले जेट एयरलाइंस के विमान (9 डब्ल्यू 0303) का कूलिंग सिस्टम खराब हो गया। इससे करीब 45 मिनट के सफर के दौरान भयंकर गर्मी से लोगों का दम घुटने लगा और यात्री शमशाद का दो माह का बेटा बेहोश हो गया। वहीं, पहले से बीमार रामेश चंद्रा की तबीयत और बिगड़ गई। उन्हें चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गंभीर हालत में स्ट्रेचर की मदद से उतारा गया। इसके बाद यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने इसकी लिखित शिकायत जेट एयरलाइंस व एयरपोर्ट प्रशासन के उप प्रबंधक से की। दोनों ने अपनी गलती स्वीकार की है। उधर, मामले में एक विमान यात्री ने जेट के चेयरमैन नरेश गोयल के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। जेट एयरलाइंस के मुताबिक दिल्ली से लखनऊ सुबह 6:24 बजे विमान आता है। शनिवार को जब विमान ने उड़ान भरी उस वक्त कूलिंग सिस्टम सही तरीके से काम कर रहा था, लेकिन कुछ देर बाद विमान के भीतर कूलिंग कम होती चली गई। यात्रियों को गर्मी लगनी शुरू हुई तो उन्होंने सीट के ऊपर लगे कूलिंग सिस्टम के बटन की स्पीड तेज की, लेकिन कूलिंग तेज न होकर गर्म हवा निकलने लगी। इससे यात्री व्याकुल हो गए और गहरी नाराजगी जताई। विमान के कैप्टन ने स्थिति को भांपते हुए यात्रियों को कूलिंग सिस्टम बंद करने की सलाह दी। यात्रियों ने बताया कि कूलिंग कम होने से विमान में ऑक्सीजन की कमी महसूस हुई और लोगों की तबियत बिगड़ने लगी। इसके बाद एयर होस्टेस से शिकायत की गई, लेकिन समस्या दूर नहीं की जा सकी। उधर, एयरलाइंस ने कूलिंग सिस्टम खराब होने पर अपनी गलती स्वीकार की है, लेकिन ऑक्सीजन की कमी की बात को पूरी तरह से खारिज किया है। लखनऊ में विमान के लैंड होने पर कूलिंग सिस्टम को दुरुस्त किया जा सका।
मुसीबत में पड़ी जान ः विमान से लखनऊ आ रहे सोनम किन्नर ने जेट के चेयरमैन नरेश गोयल के खिलाफ सरोजनीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। सोनम के साथ विमान में सवार उनके प्रवक्ता अता उल्ला खान ने कहा कि एयरलाइंस की लापरवाही के कारण उन लोगों जान भी जा सकती थी। उन्होंने बताया कि शिकायती पत्र एयरपोर्ट प्रशासन व जेट एयरलाइंस को दिया गया है। एयरपोर्ट प्रशासन की ओर से ड्यूटी टर्मिनल मैनेजर और एयरलाइंस की ओर से कस्टमर सर्विस असिस्टेंट मोहम्मद अलीम खालीद ने शिकायत को रिसीव करते हुए गलती स्वीकार की है। पीड़ित यात्रियों ने एयरलाइंस के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।