लखनऊ। मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया (एमसीआई) ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के तीन विभागों में एमडी और एक डिप्लोमा पाठ्यक्रम की सीटें बढ़ाने की अनुमति दे दी है। यूपीपीजीएमईई से पहले सीटें बढ़ाने को हरी झंडी मिलने का सीधा फायदा चिकित्सा छात्रों को होगा। केजीएमयू प्रशासन के अनुसार सोशल एंड प्रिवेंटिव मेडिसिन विभाग, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, रेडियोथेरेपी विभाग में सीटें बढ़ाने की अनुमति दी गई है।
सोशल एंड प्रिवेंटिव मेडिसिन विभाग के हेड प्रो. जेवी सिंह ने बताया कि विभाग में पहले एमडी की पांच सीटें थीं। इन सीटों को अब बढ़ाकर सात कर दिया गया है। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की हेड प्रो. विनीता दास ने बताया कि उनके विभाग में एमडी की 11 और डीजीओ की नौ सीटें हो गई हैं। रेडियोथेरेपी विभाग के हेड प्रो.नसीम जमाल ने बताया कि उनके यहां एमडी रेडियोथेरेपी की सीटें दो से बढ़ाकर छह कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि सीटें बढ़ने से चिकित्सा छात्रों को फायदा होगा और प्रदेश में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी धीरे-धीरे दूर किया जा सकेगा।