लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस में संचालित पाठ्यक्रमों के प्रति छात्रों की बेरुखी समाप्त नहीं हो रही है। विवि में इस बार प्रबंधन पाठ्यक्रम में आवेदन का सूखा बरकरार रहा। बीते साल के मुकाबले इस बार आवेदनों की संख्या आधी हो गई जबकि विवि प्रशासन ने फॉर्म जमा करने की तारीख एक महीना आगे बढ़ाई थी।
लविवि के व्यापार प्रबंधन विभाग में एमबीए रेगुलर और सेल्फ ाइनेंस पाठ्यक्रम संचालित किए जाते हैं। साथ ही आईएमएस के तहत विभिन्न स्ट्रीम में प्रबंधन के सात और पाठ्यक्रमों का संचालन भी किया जाता है। इन सभी पाठ्यक्रमों में कुल 560 सीटे हैं। विवि प्रशासन ने सत्र 2013-14 के लिए इन सीटों पर दाखिले की प्रक्रिया 14 जनवरी को शुरू की थी। फॉर्म जमा करने की अंतिम तारीख पहले 15 मार्च निर्धारित की गई थी लेकिन 15 मार्च तक 560 सीटों के सापेक्ष 300 से भी कम आवेदन आए। इसे ध्यान में रखते हुए विवि प्रशासन ने फॉर्म जमा करने की तारीख एक महीना बढ़ाकर 15 अप्रैल कर दी। 14 अप्रैल तक इन पाठ्यक्रमों के लिए महज 425 आवेदन ही जमा हुए थे जो आखिरी तारीख तक 457 तक ही पहुंच सके। आवेदन का यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले आधा ही है। बीते साल 560 सीटों के सापेक्ष 914 आवेदन आए थे। 2011 के मुकाबले इस बार आवेदनों की संख्या लगभग 25 प्रतिशत ही है।