लखनऊ। पीजीआई थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक इंजीनियरिंग छात्र ने बाजार से खरीददारी कर भाई केसाथ घर लौट रही एक मूक बधिर छात्रा के साथ छेड़खानी की। भाई ने विरोध किया तो शोहदे ने उसे जान से मारने की धमकी दी। पुलिस मौके पर पहुंची मगर, फिर मामूली मारपीट का मामला बताकर छेड़खानी की वारदात को रफादफा कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, पीजीआई थाना क्षेत्र निवासी पत्नी, बेटे व मूक बधिर बेटी यामिनी सिंह (परिवर्तित नाम) के साथ रहते हैं। यामिनी कैंट के एक स्कूल में पढ़ाई कर रही है। यामिनी की मानें तो मोहनलालगंज के एक इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक कर रहा राज बिहारी (23) (परिवर्तित नाम) उसे कई दिनों से राह चलते परेशान करता है। सोमवार शाम करीब छह बजे यामिनी अपने भाई के साथ बाजार खरीद्दारी करने गई थी। जहां से लौटते समय राज बिहारी ने यामिनी पर अभद्रता की और हाथ पकड़ लिया। भाई ने विरोध किया तो राज बिहारी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। भाई ने 100 नंबर डायल कर कंट्रोल रूम को वारदात की सूचना दी। इस पर पीजीआई पुलिस पहुंची और इंजीनियरिंग छात्र को साउथ सिटी चौकी ले आई। मगर, तभी पता चला कि इंजीनियरिंग छात्र का पिता आर्मी में है। इसके बाद पुलिस ने उसके पिता को फोन किया और मामला रफादफा कर दिया।