फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सेफ का लॉक ठीक करने के बहाने ले उड़े आठ लाख के गहने

Mon, 17 Dec 2012 05:30 AM IST
Lucknow
विज्ञापन
विज्ञापन
लखनऊ। फिल्मी स्टाइल में दो ठगों ने मानक नगर क्षेत्र में एक वकील के घर से आठ लाख के गहने उड़ा लिए। तालों की मरम्मत करने की फेरी लगाते निकले दोनों ठगों को वकील के बुजुर्ग पिता ने सेफ का लॉक ठीक करने के लिए घर बुलाया था। दोनों ने लॉकर खोलने में नाकाम रहने की बात कहकर औजारों का बैग उनके घर छोड़ा और अपने उस्ताद भाई को बुलाने के बहाने निकल गए। दो दिन तक न लौटने पर दूसरे मैकेनिक को बुलाकर लॉकर खुलवाया गया तो उसमें से गहने गायब थे। वारदात के दो हफ्ते बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके तहकीकात शुरू की है।
विज्ञापन

मानकनगर थाना क्षेत्र के चित्रगुप्तनगर निवासी वकील अभिजीत राज ने बताया कि रोजाना की तरह 26 नवंबर को वह कोर्ट गए थे और घर में बुजुर्ग माता-पिता थे। दोपहर में पिता राजकुमार निगम घर के बाहर बैठे धूप सेंक रहे थे। इस बीच दो व्यक्ति ताला-चाभी बनवाने की फेरी लगाते निकले। पिता ने सेफ का लॉक ठीक करने के लिए उन्हें घर में बुलाया। औजार से लॉक ठीक करने के दौरान एक व्यक्ति ने राजकुमार से लॉकर की चाभी मांगी। बोला कि उससे सेफ के दरवाजे का लॉक चेक करेगा। थोड़ी देर प्रयास के बाद दोनों व्यक्तियों ने लॉकर की चाभी से सेफ का लॉक खोल किया। फिर लॉकर खोलने का प्रयास करने लगे। काफी देर मशक्कत के बाद दोनों ने कहा कि लॉकर नहीं खोल पा रहे हैं। इसके लिए उन्हें अपने भाई को बुलाना जो लॉक खोलने में उस्ताद है। बुजुर्ग राजकुमार को विश्वास में लेने के लिए दोनों ने औजारों का बैग उनके घर में छोड़ा और चार बजे तक भाई को लेकर आने की बात कहकर निकल गए। दोनों व्यक्तियों के दो दिन तक न लौटने पर राजकुमार ने अपने बेटे को जानकारी दी। इस पर अभिजीत ने दूसरा मैकेनिक बुलाया। उसने थोड़ी देर प्रयास के बाद लॉकर खोला तो राजकुमार व उनके परिवार के होश उड़ गए। लॉकर से आठ लाख से अधिक के गहने गायब थे। राजकुमार ने अपने बेटे की मदद से दोनों व्यक्तियों की तलाश की। तमाम प्रयास के बाद भी उनका कुछ पता न चलने पर अभिजीत ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज करके तफ्तीश एसआई ओपी तिवारी को सौंपी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें