लखनऊ। आईआईएम लखनऊ के फेस्ट कम मार्केटिंग रिसर्च इवेंट ‘इंडेक्स 2012’ का समापन रविवार को फैशन के तड़के के साथ हुआ। रैंप पर देर शाम हुए मिस्टर एंड मिस इंडेक्स में युवाओं का आत्मविश्वास परखा गया। वहीं, दिन भर चले आकर्षक मार्केट रिसर्च गेम्स शो और कॉम्पटीशंस के बीच मैनेजमेंट के भावी प्रबंधकों ने मस्ती की पाठशाला सजाई। संडे की छुट्टी के चलते भारी संख्या में दर्शक भी इंडेक्स का आनंद लेने कॉल्विन ताल्लुकेदार्स ग्राउंड पहुंचे।
‘इंडेक्स 2012’ के दूसरे और अंतिम दिन रविवार को गेम्स और कॉम्पटीशंस से रचे इस फेस्ट का दर्शकों ने खूब आनंद उठाया। वहीं, आईआईएम स्टूडेंट्स को उपभोक्ताओं का मिजाज और बाजार का मूड समझने में काफी सहूलियत हुई। इंडेक्स में लगे गेम्स स्टॉल्स ने दर्शकों को खूब लुभाया। बालीवुड की विभिन्न फिल्मों और टीवी सीरियल के प्लॉट पर डिजाइन किए गए इन गेम्स की करीना, रॉकेट सिंह से लेकर अलादीन के जादुई चिराग से निकले जीनी ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। इंडेक्स में जूनियर और सीनियर वर्ग के स्टूडेंट्स के लिए साइंस एक्जीविजन का भी आयोजन किया गया। सीनियर वर्ग में कॉल्विन ताल्लुकेदार्स कॉलेज के हर्ष तिवारी, वरुण टंडन और प्रखर श्रीवास्तव की टीम के वाटर हार्वेस्टिंग एंड इलेक्ट्रसिटी प्रोडक्शन पर प्रस्तुत मॉडल को पुरस्कृत किया गया। वहीं, जूनियर वर्ग में दिल्ली पब्लिक स्कूल इंदिरा नगर के साउद ने बाजी मारी। इसके अलावा भी दिन भर प्रतियोगिताओं का दौर चला। शाम होते-होते इंडेक्स का स्टेज म्यूजिक, डांस और मस्ती से झूम उठा।
एक-दूसरे से होड़ करते नजर आए प्रतिभागी ः मिस्टर एंड मिस इंडेक्स में राजधानी के युवाओं ने अपने जोश, उत्साह और आत्मविश्वास का अनूठा संगम पेश किया। राजधानी के विभिन्न कॉलेज से आए करीब 15 प्रतिभागियों में दो घंटे तक कांटे की टक्कर चली। इंडेक्स के स्टेज पर हर प्रतिभागी खुद को साबित करने की होड़ करता नजर आया। म्यूजिक, डांस के साथ प्रतिभागियों ने रैम्प पर कैट वॉक करके अपना जलवा बिखेरा। हालांकि, आदित्य दास व अनिला ने इसमें बाजी मार ले गए। आदित्य दास को मिस्टर इंडेक्स और अनिला को मिस इंडेक्स के ताज से नवाजा गया। वहीं, सयैद असहनास और शशि प्रिया को उपविजेता घोषित किया गया। वहीं, जूनियर वर्ग में अनिष्का ने बाजी मारी।
इंडेक्स जूनियर में अनिष्का ने बाजी मारी ः आईआईएम इंडेक्स में जूनियर्स को भी अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का पूरा अवसर प्रदान किया गया। नवयुग रेडियंस की बंगाली बाला नन्हीं टिया ने जहां बंगाली संगीत का जादू बिखेरा। वहीं लॉ-मार्टीनियर गर्ल्स की पांचवीं की स्टूडेंट अनिष्का के चिकनी चमेली गीत पर लगाए ठुमको ने दर्शकों को अपनी सीटों पर झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं 14 वर्षीय संदेश के जलवे ने सभी दर्शकों को दीवाना बना दिया। प्रतियोगिता में अनिष्का ने बाजी मार ली।