लखनऊ। गुडंबा के जानकीपुरम सेक्टर-एच में चोर शादी समारोह में शरीक होने गए एक वैज्ञानिक के मकान से नगदी समेत दो लाख के जेवर ले उड़े। सूचना पर घर लौटे वैज्ञानिक रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए थाने के कई चक्कर लगा चुके हैं। पुलिस हर बार चोरी का माल जल्द बरामद करने का आश्वासन देकर टरका देेती है। सीमेप में वैज्ञानिक डॉ. फिरोज खान परिवार समेत जानकीपुरम सेक्टर एच में रहते हैं। डॉ. खान के मुताबिक 7 नवंबर को वे सपरिवार शादी में शरीक होने फिरोजाबाद गए थे। दस नवंबर की सुबह एक पड़ोसी ने फोन कर बताया कि दो दिन से घर का दरवाजा खुला पड़ा है। 17 नवंबर को लौटने पर खिड़की की ग्रिल कटी और अलमारी का ताला टूटा मिला। चोर 20 हजार रुपये नगदी समेत दो लाख के जेवरात बटोर ले गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस तहरीर लेकर लौट चली गई। बावजूद इसके अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। उधर, एसओ गुडंबा चंद्रशेखर सिंह ने वारदात की जानकारी से इनकार किया है।