लखनऊ। शहर का मोतीमहल शुक्रवार से कई रंग-बिरंगी किताबों से सज जाएगा। शाम पांच बजे राज्यपाल बीएल जोशी राष्ट्रीय पुस्तक मेला का उद्घाटन करेंगे। 14 अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले के आयोजन का शहर में यह लगातार 10वां वर्ष है। मेले में देश के कई प्रमुख प्रकाशक और वितरक हिस्सा ले रहे हैं। यहां रोज कई साहित्यिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रतियोगिताएं होंगी। गुरुवार को देररात तक मेले की तैयारियां चलती रहीं।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय पुस्तक मेले में करीब 180 स्टॉल लगाए जा रहे हैं। स्थानीय लेखकों के लिए नि:शुल्क स्टॉल भी होंगे। स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती के अवसर पर उनकी रचनाओं को मेले में विशेष तौर पर प्रदर्शित किया जाएगा। 14 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं का पुरस्कार वितरण और मेले का समापन समारोह होगा जिसके मुख्य अतिथि महापौर दिनेश शर्मा होंगे। मेले में प्रवेश नि:शुल्क होगा और ये सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक चलेगा।
ये होंगे प्रमुख प्रकाशक-वितरक ः नेशनल बुक ट्रस्ट, भारतीय ज्ञानपीठ, राजकमल, राधाकृष्ण, लोकभारती, वाणी, प्रभात, केन्द्रीय हिंदी निदेशालय, किताबघर, राजपाल, पुस्तक महल, सामयिक, हिंदुस्तानी अकादमी, हिंदी संस्थान, गौतम बुक सेंटर, सम्यक, डायमंड, हरआनंद, भारत बुक सेंटर, राजा, सूर्यभारती, नयी सदी, साधना, सुभाष पुस्तक भंडार, साहनी ब्रदर्स, राइजिंग पब्लिकेशंस, दीपशिखा, ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी प्रेस, न्यू लाइट, नवनीत, रूपा, कला कुंज, ज्योत्स्ना, मैकमिलन, स्कॉलर्स हब, साहित्य भवन, उर्दू अकादमी, मुक्ता बुक एजेंसी, राजा बुक्स, आकाशवाणी, ओशो दर्शन, चिन्मय मिशन, गायत्री परिवार, गीता परिवार, कृष्णमूर्ति फाउंडेशन आदि।