लखनऊ। शिक्षक की पिटाई से नेशनल पब्लिक स्कूल में नौवीं की छात्रा सीमा गुप्ता की मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पुलिस ने सोमवार को शिक्षक पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर छात्रा के शव को कब्र से खोदकर बाहर निकलवाया। नायब तहसीलदार सदर की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर, आरोपी शिक्षक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल सका है।
बीते 27 अगस्त को नेशनल पब्लिक स्कूल के शिक्षक राहुल मिश्र ने क्लास में अगली पंक्ति में बैठी सीमा को डांटते हुए पिछली सीट पर बैठने को कहा था। इनकार करने से गुस्साए राहुल ने सीमा की जमकर पिटाई की। इससे छात्रा बेहोश होकर गिर पड़ी। बाद में उसकी मां मंजू व भाई नितिन ने प्रबंधक से शिकायत की। हालांकि उन्होंने भी शिक्षक का पक्ष लिया। कई दिन विवाद चलने के बाद समझौता हो गया। इस बीच, छात्रा बीमार रहने लगी और 12 सितंबर की रात अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। सीमा को एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इलाज के दौरान 13 सितंबर की रात उसकी मौत हो गई।
छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सीमा के पिता अशोक गुप्ता ने पीजीआई थाने में शिक्षक राहुल मिश्र के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की और आरोपी शिक्षक की तलाश में दबिश दी जा रही है। हालांकि अभी तक उसका सुराग नहीं मिला है। एसओ पीजीआई अरविंद पाण्डेय का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर मामले की तहकीकात की जा रही है। दोपहर में नायब तहसीलदार सदर संजय यादव की मौजूदगी में छात्रा के शव को कब्र से खोदकर निकाला गया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। रिपोर्ट आने पर छात्रा की मौत की वजह स्पष्ट हो जाएगी।