निगोहां। निगोहां में बुखार का प्रकोप कम नहीं हो रहा है। सोमवार को तेज बुखार के 60 से अधिक नए मरीज अस्पताल पहुंचे। पीएचसी प्रभारी डॉ. सचिन शुक्ला ने बताया कि सोमवार को शिवकुमार (35), नारद बानो (2), राजकुमार (10), रानी (1), आरती (6), मनतशा (4), गुरु प्रसाद (45) सहित एक दर्जन से अधिक लोगों को कैंप लगाकर दवाएं दी गई हैं। साथ ग्रामीणों को गांव में साफ सफाई का महत्व बताते हुए इसकेलिए ज्यादा प्रयास करने का संदेश दिया गया। दूसरी ओर ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के लिए नियुक्त सफाईकर्मी मनोज कुमार कभी गांव ही नहीं आता है। ऐसे में गांव की नालियों में गंदा पानी जमा रहता है और बीमारियां बढ़ रही हैं। ग्राम प्रधान अजय सिंह ने बताया कि मनोज कुमार की उन्हाेंने सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) से कई बार शिकायत की लेकिन ध्यान नहीं दिया गया। नतीजा बीमारियों और बुखार के रूप में सामने आ रहा है।