नंदगंज थानाक्षेत्र के फतेहउल्लाहपुर रजादी गांव में बृहस्पतिवार की सुबह करीब आठ बजे प्रधानपति रामकिशुन बिंद को गोली मारकर भाग रहे तीन शूटरों को ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला।
घायल प्रधान को इलाज के लिए वाराणसी ले जाया गया है।
घटनास्थल से पुलिस को प्रधान पर हुए हमले में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा12 बोर के 2 खोखे और बदमाशों की बाइक मिली है।
घटना के पीछे चुनावी रंजिश
इस घटना के पीछे चुनावी रंजिश मानी जा रही है। प्रधानपति के पुत्र ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। तहरीर में उसने कहा है कि हत्या के लिए शूटरों को दो लाख रुपये की सुपारी में से एक लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
फतेहउल्लाहपुर की ग्राम प्रधान शिवकुमारी बिंद के पति रामकिशुन बिंद सुबह फतेहउल्लाहपुर चट्टी से अपने दोस्त इम्तियाज खान के साथ बाइक से घर आ रहे थे।
बाइक से थे हमलावर
चट्टी से एक बाइक पर सवार भाड़े के तीन शूटरों ने प्रधानपति का पीछा किया। घर पहुंचने से पहले ही बदमाशों ने बाइक के पीछे बैठे प्रधानपति को लक्ष्य कर दो गोलियां मारीं और भागने लगे।
इसी बीच बाइक चला रहे प्रधानपति के साथी ने बदमाशों की बाइक में अपनी बाइक से टक्कर मार दी। इससे दोनों बाइक पलट गईं और सभी गिर पड़े।
शूटरों ने चलाईं ताबड़तोड़ गोलियां
इसी बीच गोली की आवाज सुनकर सतर्क हुए ग्रामीणों ने घेरेबंदी शुरू कर दी। बदमाशों ने जान बचाने के लिए कई राउंड फायर किए, लेकिन ग्रामीण पीछे नहीं हटे।
जैसे ही बदमाशों की गोलियां खत्म हुईं, लाठी-डंडों से लैस ग्रामीण उन पर टूट पड़े। पिटाई से दो बदमाशों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे शूटर ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।