बात चौंकाने वाली है। जयपुर से झांसी के लिए चली गिट्टी लदी मालगाड़ी गुम है। दो माह भी बीत गए पर पता नहीं चला। इसमें 18 रैक (डिब्बे) थे।
जयपुर से चली इस गाड़ी को आगरा होते झांसी तक जाना था। अब आगरा मंडल में इसकी तलाश की जा रही है। मामला इलाहाबाद जोन मुख्यालय तक पहुंच गया है।
विभागीय लोग भले इसे रिकार्ड में गड़बड़ी का मामला बता रहे हैं लेकिन सनसनी खूब है। आखिर पूरी ट्रेन जो गायब है।
मामला तकरीबन दो माह पुराना है। पता चला कि पटरी साइडिंग पर डाली जाने वाली गिट्टी लादकर जयपुर से मालगाड़ी रवाना की गई। इसे झांसी तक जाना था जो अभी तक नहीं पहुंची है।
इस गाड़ी का रिकार्ड आगरा में नहीं है। कब, कहां से गुजरी और क्या नंबर था, यह किसी को नहीं पता। माना जा रहा है कि आगरा मंडल में ही रैक गायब हुए।
इससे आगरा-मथुरा इंजीनियरिंग कंट्रोल विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। सूत्र कह रहे हैं कि मालगाड़ी के रैक गायब होने की विभागीय जांच चल रही है।
उस दिन ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की सूची बनाकर पूछताछ की जा रही है। आगरा के अधिकारी झांसी से लेकर इलाहाबाद तक दौड़ लगा रहे हैं लेकिन खुलकर इसे स्वीकार करने में हिचकिचा भी रहे हैं।
इस संबंध में रेलवे की जनसंपर्क अधिकारी भूपिंदर ढिल्लन का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर ऐसा है तो इसकी जांच कराई जाएगी।