दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने अमेरिकी ओपन के चौथे दौर में प्रवेश किया। सर्बियाई स्टार ने तीसरे दौर में केई निशिकोरी को 6-7 (4), 6-3, 6-3, 6-2 से हराया। इस जीत के साथ ही जोकोविच करियर ग्रैंड स्लैम की ओर बढ़ रहे हैं। वहीं, विश्व की नंबर वन महिला टेनिस खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया की एश्ले बार्टी यूएस ओपन में उलटफेर का शिकार हो गईं। उन्हें अमेरिका की गैरवरीयता प्राप्त खिलाड़ी शेल्बी रोजर्स ने तीसरे दौर में हरा दिया। शेल्बी ने यह मुकाबला 6-2, 1-6, 7-6 से अपने नाम किया। इस हार के बाद बार्टी अमेरिकी ओपन से बाहर हो गईं। विंबलडन का खिताब जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी की किसी बड़े टूर्नामेंट में लगातार यह दूसरी हार है। इससे पहले वह टोक्यो ओलंपिक में भी बाहर हो गई थीं। वहीं, रोजर्स इस जीत के साथ अंतिम 16 में पहु्ंच गईं।
बीते साल लेक्सिंग्टन में सेरेना विलियम्स को हराने के बाद टॉप टेन खिलाड़ियों के खिलाफ रोजर्स की यह पहली जीत है। जबकि उन्हों पहली बार दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी को हराया है। अमेरिकी खिलाड़ी का इस साल एश्ले बार्टी के खिलाफ पांचवां मैच था जिसमें वह जीत तलाश रही थीं। मैच में ऐसा लग रहा था कि रोजर्स जीत जाएंगी क्योंकि वह इस साल दो बार बार्टी के खिलाफ जीत के करीब पहुंच चुकी थीं।
तीसरे दौर में खेले गए इस मैच की शुरुआत में सेकंड सर्विस के दौरान बार्टी ने डबल फॉल्ट की। जिसके चलते रोजर को 2-1 की बढ़त मिली। इस दौरान बार्टी को वापसी करने के लिए संघर्ष करना पड़ा। विंबलडन चैंपियन बार्टी ने शुरुआती सेट में 17 अप्रत्याशित गलतियां कीं। जिसके चलते रोजर्स ने 32 मिनट में पहला सेट अपने नाम कर लिया। इसके बाद तीसरे और फाइनल सेट में दोनों खिलाड़ियों ने एक दूसरे को कड़ी चुनौती दी। लेकिन एक बार फिर बार्टी की लय बिगड़ गई और उन्होंने अत्याशित गलतियां की। जिसका फायदा रोजर्स ने उठाया। इस रोमांचक सेट में पार्टी ने 7-6 से जीत दर्ज की।
रोहन बोपन्ना और इवान डोडिग की जोड़ी प्री-क्वार्टर फाइनल में
उधर, भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना और उनके क्रोएशियाई जोड़ीदार इवान डोडिग ने मोनाको के ह्यूगो नेस और फ्रांस के आर्थर रिंडरनेच की जोड़ी को हराकर पुरुष युगल प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। भारत-क्रोएशिया के खिलाड़ियों की 14वीं वरीयता प्राप्त जोड़ी ने शनिवार रात एक घंटे 56 मिनट तक चले मुकाबले में अपने गैरवरीय प्रतिद्वंद्वियों पर 6-3, 4-6, 6-4 से जीत दर्ज की।