गत चैंपियन कनाडा की बियांका आंद्रेस्क्यू को नेशनल बैंक ओपन में ट्यूनीशिया की ओंस जबूर के हाथों वर्षा बाधित मुकाबले में 6-7, 6-4, 6-1 से हार का सामना करना पड़ा। कनाडा की ही रेबेका मारिनो का सफर भी प्री क्वार्टर में थम गया।
01 सेट से पिछड़ने के बाद ट्यूनीशिया की जबूर ने जीता मैच
बर्मिंघम में जून में 26 साल की ओंस ने विकिंग क्लासिक जीता था और वह डब्ल्यूटीए टूर में एकल खिताब जीतने वालीं पहली अरब महिला बनी थीं। जबकि 21 साल की आंद्रेस्क्यू ने टोरंटो में 2019 में टूर्नामेंट जीता था और 1969 के बाद कनाडा की पहली चैंपियन बनी थीं। उन्होंने 2019 में यूएस ओपन भी जीता था। शीर्ष वरीय बेलारूस की आर्यना सबालेंका ने मारिनो को 6-1, 6-3 से पराजित किया।
इससे पहले वाइल्ड कार्ड से प्रवेश पाने वालीं मारिनो ने 16वीं वरीयता की मेडिसन की और 31वीं रैंकिंग की पाउला बाडोसा को हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया था। सबालेंका की टक्कर क्वार्टर फाइनल में अब आठवीं वरीयता की बेलारूस की ही अजारेंका से होगी। अजारेंका ने यूनान की मारिया सक्कारी को 6-3, 3-6, 7-6 (2) से हराया।
पेत्रा क्विटोवा भी बाहर
इटली की कैमिला गियोर्गाी ने चेक गणराज्य की सातवीं वरीयता की पेत्रा क्विटोवा को सीधे सेटों में 6-4, 6-4 से हराया। उनकी टक्कर अमेरिका की 15वीं वरीयता की कोरी गॉफ से होगी जिन्हें ब्रिटेन की जोहाना कोंटा के घुटने में चोट के कारण वॉकओवर मिला। चौथी वरीयता की चेक गणराज्य की कैरोलिना प्लिस्कोवा ने अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को 6-1, 7-6 से पराजित किया। अंतिम आठ में उनका सामना स्पेन की सारा सोरिबेस से होगा जिन्होंने चेक गणराज्य की कैटरीना सिनियाकोवा को 6-7, 6-0, 6-3 से पराजित किया।
मैं जैसा खेली, उससे बेहद निराश हूं लेकिन ओंस ने अच्छा खेल दिखाया। मुझे पता है कि मैं यह खिताब फिर से जीतने में सक्षम हूं।
-बियांका आंद्रेस्क्यू
उनके (आंद्रेस्क्यू)पांव में दर्द था। वो थोड़ा थकी नजर आ रही थीं लेकिन मैं उनके बारे में नहीं बल्कि अपने खेल के बारे में सोच रही थी।
-ओंस जबूर