कई शीर्ष टेनिस खिलाड़ियों के लिए अगले कुछ सप्ताह व्यस्त रहने वाले हैं क्योंकि वे साल के अंतिम ग्रैंडस्लैम यूएस ओपन में व्यस्त हो जाएंगे। हालांकि एक बात जो सामने आ रही है वो यह कि इन टेनिस खिलाड़ियों की प्रेमिकाओं को भी काफी मुनाफा हो रहा है। सोशल मीडिया क्रिएटर और उद्यमी पैगे लोरेंज अमेरिका के स्टार टेनिस खिलाड़ी टॉमी पॉल को पिछले दो वर्षों से डेट कर रही हैं और उनका कहना है कि यूएस ओपन के दौरान टॉमी की ही तरह उन्हें भी ब्रांड डील मिल रहे हैं। मालूम हो कि यूएस ओपन के मुख्य ड्रॉ के मुकाबले 26 अगस्त से शुरू हो रहे हैं।
लोरेंज ने बताया कि उन्हें उम्मीद है कि अगले दो सप्ताह में वह 15 से अधिक प्रायोजकों के लिए सोशल मीडिया पर पोस्ट करेंगी। इसके अलावा अपने व्यवसाय का भी प्रचार करेंगी। लोरेंज का कहना है कि इंस्टाग्राम पर सात लाख के करीब लोग उन्हें फोलो करते हैं जिसमें से 80 प्रतिशत महिलाएं हैं। इनमें से 10-15 प्रतिशत टेनिस प्रशंसक हैं।
फोर्ब्स के अनुसार, लोरेंज के अलावा टेलर फ्रिट्ज की प्रेमिका मोर्गन रिडल और फ्रांसिस टियाफो की प्रेमिका अयान ब्रूमफील्ड ने इस साल ब्रांड एंडरसमेंट के जरिये एक से तीन लाख डॉलर तक कमाए हैं। टेलेंट मैनेजमेंट फर्म रेयर ग्लोबल की सीईओ और संस्थापक एश्ले विला ने कहा, खेल क्रिएटर की श्रेणी में काफी वृद्धि हुई है। हम यह भी देखते हैं कि ब्रांड डॉलर में वे कितना खर्च करने को तैयार हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, जो क्रिएटर पेशवर एथलीट के साथ जुड़े नहीं है उन्हें प्रीमियम फीस मिल रही है। वहीं, खिलाड़ियों के साथ जुड़ने से क्रिएटरों को मुनाफा हो रहा है। इंस्टाग्राम पर ऐसे क्रिएटर प्रति पोस्ट के 5000 से 25000 डॉलर तक ही कमा पा रहे हैं, जबकि खेलों के साथ जुड़ाव रखने वाले क्रिएटरों को प्रत्येक पोस्ट के 30000 से 60000 डॉलर तक मिल रहे हैं।