जापान में एक बार फिर से कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। राजधानी टोक्यो में 24 अगस्त से पैरालंपिक खेलों की शुरुआत होनी है। ऐसे में आयोजकों ने सोमवार को कहा कि वायरस की आशंका को लेकर टोक्यो पैरालंपिक में दर्शकों पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। दरअसल, जापान के कई हिस्सों में आपातकाल के बावजूद भी कोरोना के रिकॉर्ड मामले सामने आ रहे हैं। आयोजकों ने स्थानीय व राष्ट्रीय सरकार और अंतरराष्ट्रीय पैरालंपिक समिति के साथ एक संयुक्त बयान में कहा, 'इन प्रांतों में होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए और अधिक कड़े कदम उठाए जाएंगे, जिसमें कोई दर्शक न हो।'
टोक्यो में सोमवार को कोरोना के 2962 नए मामले
बता दें कि टोक्यो में सोमवार को कोरोना के 2962 नए मामले सामने आए। इससे पहले शुक्रवार को रिकॉर्ड 5773 मामले सामने आए थे। वहीं, पूरे जापान की अगर बात करें तो, देश में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 1,144,546 है। इनमें 15,408 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 968,380 लोग ठीक हो चुके हैं।