कोरोना महामारी की वजह से टोक्यो ओलंपिक का आयोजन 2021 तक के लिए टाला जा चुका है। अब ये 23 जुलाई से आठ अगस्त 2021 के बीच होंगे। इधर आइनोक्स समूह को ओलंपिक 2021 के लिए भारतीय टीम का आधिकारिक प्रायोजक घोषित कर दिया गया है। इस साझेदारी के तहत समूह अपनी मनोरंजन कंपनी आइनोक्स लेजर लिमिटेड के जरिए टीम के प्रचार में भी सहयोगी होगी।
कंपनी के निदेशक सिद्धार्थ जैन ने कहा, ‘आइनोक्स समूह की प्राथमिकता हमेशा से भारत की चहुंमुखी प्रगति रही है। हम गौरवान्वित हैं कि हमें भारतीय ओलंपिक संघ के साथ जुड़कर भारत के ओलंपिक स्वप्न में सहयोग देने का मौका मिला।’
भारतीय ओलंपिक संघ के महासचिव राजीव मेहता ने बृहस्पतिवार को कहा, ‘हमें आइनोक्स समूह के साथ जुड़कर बहुत खुशी हो रही है। यह साझेदारी संगठन और खिलाड़ियों के लिए फायदेमंद साबित होगी। मैं आइनोक्स समूह को धन्यवाद देता हूं कि इन हालात में भी वे टीम इंडिया की मदद के लिए आगे आए।’