ओलंपिक टिकट हासिल कर चुके पहलवान दीपक पूनिया ने डिफेंस में शानदार कौशल दिखाते हुए एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप के 86 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में जगह पक्की की जहां उनके पास पहली बार इस टूर्नामेंट का स्वर्ण पदक जीतने का मौका होगा।
दीपक फाइनल में चुनौती पेश करेंगे तो वहीं रविंदर (61 किग्रा) और संजीत (92 किग्रा) अपने-अपने भार वर्ग में कांस्य पदक के लिए रिंग में उतरेंगे। इस महाद्वीपीय चैंपियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीतने वाले दीपक ने कोरिया के ग्वानुक किम के खिलाफ 2-0 की जीत के साथ फाइनल में जगह पक्की की।
विश्व चैंपियनशिप में कांस्य के साथ अपना ओलंपिक कोटा हासिल करने वाले इस भारतीय पहलवान ने इससे पहले उज्बेकिस्तान के ईसा शापिएव (9-2) और ताजिकिस्तान के बखोदुर कोडिरोव (4-3) को हराया था। रविंदर ने 61 किग्रा में ईरान के माजिद अलमास दास्तान के खिलाफ 4-3 की जीत से अपने अभियान को शुरू किया, लेकिन सेमीफाइनल में वह कजाखस्तान के अदलन अकारोव 4-7 से हार गए।
कांस्य पदक के लिए वह किर्गिस्तान के इक्रोमझोन के खिलाफ चुनौती पेश करेंगे। संजीत ने जापान के रयोइची यामानाका के खिलाफ 9-4 की प्रभावशाली जीत दर्ज की लेकिन ईरान के कामरान घोरबन की चुनौती का सामना नहीं कर सके। कामरान के फाइनल में पहुंचने के कारण उनके पास कांस्य पदक जीतने का मौका होगा।
कांस्य पदक के लिए उन्हें उजबेकिस्तान के रूस्तम शोदैव से भिड़ना होगा। सुमित मलिक (125 किग्रा) और 74 किग्रा के राष्ट्रीय चैंपियन संदीप सिंह मान का अभियान हालांकि पदक दौर तक पहुंचने से पहले ही खत्म हो गया। संदीप को क्वार्टर फाइनल के करीबी मुकाबले में तुर्कमेनिस्तान के अतामीरत चार्लीयेव से 4-5 से जबकि सुमित अंतिम आठ में स्थानीय खिलाड़ी ओलेग बोल्टिन से 1-7 से हार गए।