फ्रांस और रियल मैड्रिड के फारॅवर्ड करीम बेंजेमा को एक सेक्स टेप मामले में एक साल की निलंबित जेल की सजा और करीब 62.60 लाख रुपये (75000 यूरो) का जुर्माना लगाया गया है। बेंजेमा को 2015 में फ्रांस टीम के साथी मैथ्यू वाल्बुएना को ब्लैकमेल करने के प्रयास में शामिल होने का दोषी पाया गया था।
वर्साय कोर्ट के फैसले से बेंजेमा के खेल भविष्य के तत्काल प्रभावित होने की संभावना नहीं है। बेंजेमा ने मैड्रिड के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। इसके लिए उन्हें दिग्गज मेसी और रोनाल्डो के साथ फीफा के साल के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉलर के लिए नामित किया गया है।
फ्रांसीसी महासंघ के अध्यक्ष नोएल ली ग्रेट पहले ही कह चुके हैं कि बेंजेमा को दोषी पाए जाने पर भी राष्ट्रीय टीम से खेलने की अनुमति दी जाएगी। बेंजेमा के वकीलों ने कहा कि वह अपील करेंगे।