भारत की अश्मिता चालिहा और मालविका बंसोड़ मंगलवार को जापान ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के शुरुआती दौर में हारकर बाहर हो गईं। अश्मिता जहां चीनी ताइपे की शीर्ष वरीयता प्राप्त ताई त्ज़ु यिंग से 16-21, 12-21 से हार गईं, वहीं मालविका को यूक्रेन की पोलिना बुहरोवा ने 23-21, 21-19 से हराकर बाहर का रास्ता दिखाया।
भारत की तरफ से महिला एकल में आकर्षी कश्यप भी अपनी चुनौती पेश कर रही है। वह पहले दौर में दक्षिण कोरिया की किम गा यून का सामना करेगी। पेरिस ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ियों में से कोई भी इस प्रतियोगिता में नहीं खेल रहा है। अश्मिता, मालविका और आकर्षी, तीनों उभरता सितारा हैं और तीनों को भारत का भविष्य माना जा रहा है।
अश्मिता ने पिछले साल अपना तीसरा बीडब्ल्यूएफ अंतरराष्ट्रीय चैलेंज खिताब जीता था। उन्होंने मालदीव अंतरराष्ट्रीय चैलेंज में महिला एकल का खिताब जीता था। इससे पहले वह टाटा ओपन इंडिया इंटरनेशनल और दुबई इंटरनेशनल का भी खिताब जीत चुकी हैं। वहीं मालविक ने 2022 में इंडियन ओपन में साइना नेहवाल को हरा दिया था।
मालविका महाराष्ट्र की रहने वाली हैं। बैडमिंटन की उभरती हुई खिलाड़ी मालविका अभी मात्र 22 साल की हैं। इससे पहले वो अंडर 13 और अंडर 17 में स्टेट चैंपियन रह चुकी हैं। साल 2018 में मालविका वर्ल्ड जूनियर बैडमिंटर टूर्नामेंट के लिए भारत की टीम में सेलेक्ट हुई थीं। भारतीय टीम में चयन के बाद ही उन्होंने काठमांडू में साउथ एशियन बैडमिंटन चैंपियनशिप मैं जीत हासिल की थी। वहीं 2019 में ऑल इंडिया सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंट जीता। साइना को ही वह अपना आदर्श भी मानती हैं।