यमुनोत्री धाम
- फोटो : AmarUjala
समुद्र तल से 3293 मी. यानी 10804 फीट की ऊंचाई पर स्थित यमुनोत्री धाम, चार धाम यात्रा का पहला तीर्थ है। ऋषिकेश से यमुनोत्री की दूरी करीब 248 कि.मी. है। यमुनोत्री तीर्थ धार्मिक महत्त्व के साथ ही साथ मनमोहक प्राकृतिक सौंदर्य के कारण भी तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों को आकर्षित करता है। यहां पर दिखाई देने वाले बर्फ से ढके ऊंचे पर्वत शिखर, देवदार और चीड़ के हरे-भरे जंगल, उनके बीच फैला कोहरा, बर्फीले पहाड़ों पर चांदी सी चमकती हुई सूर्य की रोशनी, पहाड़ों के बीच बहती सुगन्धित हवाओं की ध्वनि के साथ बहती हुई यमुना नदी की शीतल धारा मन को मोह लेती है। घुमावदार रास्ते, भूस्खलन, सुरक्षित यात्रा और जंगलों को बचाने के लिए जगह-जगह लिखे स्लोगन यात्रा पर आने वाले लोगों को उनकी ज़िम्मेदारी का एहसास कराते हैं।