युवा कांग्रेस ने शुरू किया महिला शक्ति अभियान
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में शुक्रवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने इंदिरा फेलोशिप प्रोग्राम के माध्यम से महिला शक्ति अभियान शुरू किया। इंदिरा फेलोशिप के राष्ट्रीय संयोजक एवं युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शेष नारायण ओझा ने बताया कि यह एक पहल है जिसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में बनाया गया है। इसका उद्देश्य राजनीतिक क्षेत्र में महिलाओं को सशक्त बनाना है। इसके तहत हर विधानसभा और ब्लॉक स्तर पर शक्ति क्लबों का गठन किया जाएगा। शेष नारायण ओझा ने कहा कि शक्ति क्लबों के माध्यम से एकजुटता की भावना को बढ़ावा देंगे, असमानता के संवाद को प्रोत्साहित करने और एक समावेशी समाज का निर्माण करने की दिशा में कार्य करेंगे। फेलोशिप का मकसद महिलाओं की निर्णय लेने की प्रतिक्रिया में भागीदारी और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर सचिन मिरूपा, पूनम चोपड़ा, नेहा मेहता आदि मौजूद रहे।