युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी ने धर्मशाला युवा कांग्रेस के अध्यक्ष एवं सुधीर समर्थक अश्वनी उर्फ दक्ष राणा को पद से निष्कासित कर दिया है। गुरुवार को कचहरी चौक धर्मशाला में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू समर्थकों में शामिल विजय इंद्र करण और अन्य ने सुधीर शर्मा का पुतला जलाने का प्रयास किया था।
सुक्खू समर्थक जब कचहरी चौक पर नारेबाजी कर रहे थे तो युवा कांग्रेस अध्यक्ष धर्मशाला दक्ष राणा भी अपने समर्थकों के साथ यहां पहुंचे और सुधीर शर्मा के पक्ष में नारेबाजी की। इस दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया। मामला शांत करने को लेकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों तरफ से नारेबाजी के बाद हाथापाई हो गई। इस मामले में युवा कांग्रेस धर्मशाला के अध्यक्ष अश्वनी उर्फ दक्ष राणा को निष्कासित कर दिया है।
अश्वनी उर्फ दक्ष राणा ने कहा कि 'मैंने सुधीर शर्मा के पक्ष में गुरुवार दोपहर को ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। सुधीर शर्मा हमारे नेता हैं और उनकी अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं होगी। उन्होंने अपने दम पर धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र का विकास करवाया है। सुक्खू सरकार में उनकी अनदेखी करने के प्रयास किए जा रहे थे, जिसके चलते छह विधायकों समेत तीन निर्दलीय ने भाजपा उम्मीदवार का राज्यसभा चुनाव में साथ दिया। हम हमेशा सुधीर के साथ रहेंगे।'