अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मंगलवार को राजभवन में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने योग शिविर की अध्यक्षता की। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के योग विभाग के प्रो. डॉ. सत्य प्रकाश की अगुवाई में राजभवन के कर्मचारियों ने योग किया। राज्यपाल ने भी योग क्रियाएं की। राज्यपाल ने कहा कि योग के माध्यम से हमारी समृद्ध परंपराएं विश्व के समक्ष उजागर हुई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने प्रभावी प्रयासों से इस विधा को विश्व के समक्ष रखा और यह समझाया कि यह किसी धर्म अथवा पूजा पद्धति से संबद्ध नहीं है। इस अवसर पर डॉ. सत्य प्रकाश ने राज्यपाल को अपनी पुस्तक हठ योग के आधार और प्रयोग भेंट की। उन्होंने आयुष विभाग की एक सीडी और योग संहिता भी राज्यपाल को भेंट की। राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के योग विभाग के प्रथम न्यूज लेटर का भी विमोचन किया।
रिज मैदान पर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर मुख्यमंत्री समेत करीब 1,000 लोगों ने एक साथ योग किया। मुख्यमंत्री सुबह 6:40 पर रिज मैदान पहुंच गए। यहां पर उन्होंने सीधे प्रसारण के माध्यम से कर्नाटक के मैसूर पैलेस मैदान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि योग मन को शांति प्रदान करता है।
योग चिंता को दूर करता है। इससे शरीर ऊर्जावान बना रहता है। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, राज्य हस्तशिल्प और हथकरघा निगम के उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, एसजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक नंद लाल शर्मा, आयुष विभाग के सचिव राजीव शर्मा, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशक हरबंस सिंह ब्रसकोन, पुलिस अधीक्षक मोनिका मौजूद रहे।