हिमाचल के जनजातीय जिले लाहौल स्पीति में दुनिया का सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम बनने जा रहा है। करीब 11 हजार फीट की ऊंचाई पर बर्फ से लकदक पहाड़ों के बीच ये देश-दुनिया का पहला स्टेडियम होगा। हैरानीजनक यह है कि इसे प्रदेश सरकार या हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन नहीं बल्कि लाहौल में गठित जिला क्रिकेट संघ ग्रामीणों से जुटाए चंदे के पैसे से बना रहा है।
इसका निर्माण सिस्सू हेलीपैड के पास होगा। वन, लोनिवि और अन्य विभागों से 38 बीघा जमीन पर स्टेडियम के निर्माण को हरी झंडी मिल चुकी है। अब फाइल अंतिम प्रक्रिया के लिए उपायुक्त लाहौल के पास पहुंच गई है। मंजूरी मिलते ही स्टेडियम निर्माण का कार्य शुरू हो जाएगा।
हिमाचल के चायल में है अभी सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम
बता दें कि अभी दुनिया में सबसे ऊंचा क्रिकेट स्टेडियम होने का रिकार्ड भी हिमाचल के चायल क्रिकेट स्टेडियम के नाम है। इसे 1891 में पटियाला के महाराजा भूपेंद्र सिंह ने 7500 फीट की ऊंचाई पर बनवाया था। लगभग तीन वर्ष पहले सिस्सू में क्रिकेट स्टेडियम बनाने की कवायद शुरू हुई, लेकिन राजनीतिक खींचतान के चलते मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
लाहौल स्पीति क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर और महासचिव किशन राणा ने बताया कि उन्होंने स्टेडियम निर्माण के लिए अपने स्तर पर कवायद जारी रखी। इसके लिए चंदा भी जुटा रहे हैं। ग्रामीण तो मदद कर ही रहे हैं, अब विधायक रवि ठाकुर ने भी स्टेडियम के लिए चंदा देने की बात कही है। मंजूरी की फाइल अंतिम प्रक्रिया में है। जिले में बनने वाला यह पहला स्टेडियम होगा। उन्होंने दुनिया का सबसे ऊंचा स्टेडियम यहां बनने का दावा भी किया।
हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे खिलाड़ी
स्टेडियम बनने के बाद अगर इसे अंतरराष्ट्रीय ख्याति मिलती है तो यहां बाहर से आने वाले खिलाड़ी हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। दुर्गम क्षेत्र होने के चलते यहां सड़क मार्ग से पहुंचना आसान नहीं है। लेकिन सिस्सू में हेलीपैड होने के चलते खिलाड़ी हेलीकॉप्टर से आसानी से पहुंच जाएंगे। हालांकि, छह माह तक बर्फ की कैद में रहने वाले इस क्षेत्र में मैच करवाना किसी चुनौती से कम नहीं है।
धर्मशाला की तर्ज पर होगा स्टेडियम का निर्माण-क्रिकेट संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि वे सिस्सू में धर्मशाला की तर्ज पर क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण करना चाहते हैं। हेलीपैड के अलावा यहां खिलाड़ियों को हर तरह की जरूरी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। यहां की मिट्टी के हिसाब से पिच बनाई जाएगी।
लाहौल स्पीति के उपायुक्त हंसराज चौहान ने बताया कि सिस्सू में प्रस्तावित क्रिकेट स्टेडियम की फाइल मेरे पास पहुंची है। स्टेडियम को पंचायतों और संबंधित विभागों से अनापत्ति प्रमाण-पत्र मिल चुके हैं। सारी औपचारिकताओं के बाद जल्द ही स्टेडियम निर्माण को मंजूरी दे दी जाएगी।