सेब सीजन के लिए बाहरी राज्यों से आ रहे लोगों पर जिला प्रशासन ने लगाई पाबंदियां
क्रॉसर
डीसी आदित्य नेगी ने जारी किए आदेश
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। सेब सीजन के लिए शिमला आ रहे श्रमिकों, लदानियों, आढ़तियों और ट्रांसपोर्टरों को अब कोरोना वैक्सीन की एक डोज लगाने का प्रमाणपत्र दिखाना होगा। इसके बिना शिमला की फल मंडियों में कारोबार की अनुमति नहीं मिलेगी। यह आदेश डीसी आदित्य नेगी ने जारी किए।
प्रशासन ने 72 घंटे पहले करवाए आरटीपीसीआर टेस्ट की रिपोर्ट भी अनिवार्य कर रखी है। नेगी ने बताया कि यह कदम कोरोना संक्रमण रोकने के लिए उठाए जा रहे हैं। सुरक्षा के साथ सेब सीजन चलता रहे यह जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिले की प्रत्येक फल मंडी में आरटीपीसीआर और रैट सैंपलिंग के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश चिकित्सा अधिकारी को दिए हैं। यहां एक बूथ स्थापित किया जाएगा। इस बूथ पर फल मंडी में बाहरी राज्यों से आने वाले हर व्यक्ति की सैंपलिंग की जाएगी। सेब सीजन के दौरान इन निर्देशों का पालन करवाना संबंधित एसडीएम की जिम्मेदारी होगी।
उन्होंने आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही अमल में लाने के निर्देश दिए हैं। गौरतलब है कि जिले की फल मंडियों में आजकल हजारों की संख्या में लोग बाहरी राज्यों से कारोबार करने आ रहे हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है।