ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू
- फोटो : सोशल मीडिया
ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू और भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल प्रदेश के युवाओं को स्वास्थ्य और खेलों के बारे में जागरूक करेंगी। रेनबो इंटरनेशनल स्कूल नगरोटा बगवां में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सौजन्य से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से निर्देशित मीट द चैंपियंस कार्यक्रम आठ मार्च को होगा। कार्यक्रम में मीराबाई चानू और रानी रामपाल मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी और जिला कांगड़ा के स्कूली छात्रों से रूबरू होंगी। इन खिलाड़ियों का स्कूल भ्रमण करने का मुख्य उद्देश्य बच्चों को संतुलित आहार, पोषण, स्वास्थ्य और खेलों के महत्व के बारे में जागरूक करना है। प्रधानाचार्य डॉ. छवि कश्यप ने बताया कि इस कार्यक्रम में जिले भर के 75 स्कूलों के बच्चे और स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सदस्य भी मुख्य रूप से शामिल होंगे।
हमीरपुर में महिला सुरक्षा कवच अभियान का शुभारंभ होगा
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर मंगलवार को एक दिवसीय हमीरपुर दौरे पर आ रहे हैं। सांसद अस्पताल और सांसद खेल महाकुंभ के बाद वह मंगलवार को महिला सुरक्षा कवच अभियान का श्रीगणेश करेंगे। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जबकि ओलंपियन और भारतीय भारोत्तोलक मीराबाई चानू और भारतीय हॉकी टीम की सदस्य रानी रामपाल और पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू बतौर विशिष्ट अतिथि शिरकत करेंगे। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल के खेल मैदान में सुबह साढ़े दस बजे शुरू कार्यक्रम होगा। इस मौके पर प्रदेश के करीब आधा दर्जन जिलों हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना, मंडी के धर्मपुर, सिरमौर, कांगड़ा और चंबा के महिला पुलिस थानों को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर 108 मोटरसाइकिल उपलब्ध करवाएंगे।