हिमाचल में दो दिन बारिश के आसार।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश में एक संसदीय व तीन विधानसभा सीटों के उपचुनावों की जीत के जश्न में मौसम का खलल पड़ने के आसार हैं। प्रदेश में एक और दो नवंबर को बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। दो नवंबर को मंडी संसदीय सीट सहित फतेहपुर, अर्की और जुब्बल कोटखाई विधानसभा उपचुनाव का परिणाम घोषित होगा। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई है। शनिवार को प्रदेश के सभी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। उपचुनाव वाले क्षेत्रों में भी धूप खिली रही। रविवार को भी धूप खिली रहने की संभावना है। तीन नवंबर को भी मौसम साफ रहने के आसार जताए गए हैं। उधर, न्यूनतम तापमान में कमी आने से प्रदेश के कई क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय मौसम में ठंडक बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें:
हिमाचल: सरकारी और निजी स्कूल-कॉलेजों में इस दिन से दीपावली की छुट्टियां
मनाली-लेह मार्ग पर सामान्य नहीं हुआ यातयात
वहीं, पिछले दिनों हुई बर्फबारी के चलते मनाली-लेह मार्ग में यातायात सामान्य नहीं हो पाया है। सुबह के समय सड़क पर बर्फ जमने से वाहनों के स्किड होने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बीआरओ और पुलिस प्रशासन की ओर से लेह की तरफ जाने वाले वाहन चालकों से एहतियात बरतने की अपील की गई है। शनिवार को आवश्यक सामान वाले वाहनों को दारचा से लेह की तरफ सुबह नौ से दोपहर एक बजे तक छोड़ा गया। चार घंटों की अवधि के बाद अन्य आवश्यक सामान लेकर जाने वाहनों को नहीं छोड़ा गया।
सड़क के दोनों ओर बर्फ होने के चलते इसे फिलहाल एकतरफा वाहनों के लिए खोला गया है। दोनों तरफ से ट्रैफिक खोलने पर बर्फ के बीच मुश्किलें आ सकती हैं। हालांकि बर्फबारी के कारण कुंजुम दर्रा के पास एनएच-505 अभी भी अवरूद्ध है। पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि मनाली-लेह मार्ग और एनएच -505 पर अनावश्यक यात्रा करने से बचें। एसपी मानव वर्मा ने कहा कि पुलिस सड़कों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। लोगों को समय-समय पर सूचना दी जा रही है।