सिंचाई योजना ट्रहाई का कार्य लटकने से आक्रोश
जुन्गा (शिमला)। मशोबरा ब्लॉक की पीरन पंचायत में भज्जीनाला-ट्रहाई सिंचाई योजना का निर्माण कार्य छह माह से बंद पड़ा है। ग्रामीणों ने बताया कि अक्तूबर 2020 में ट्रहाई गांव के लिए अनुसूचित जाति उपयोजना के तहत 40 लाख रुपये सिंचाई योजना के लिए स्वीकृत हुए थे।
विभाग ने फरवरी 2021 में निर्माण कार्य अवार्ड कर दिया था। इसमें भज्जीनाला में भंडारण टैंक के अतिरिक्त ट्रहाई गांव तक पांच किलोमीटर लंबी प्रवाह सिंचाई योजना के तहत पाइप बिछाई जानी थी। टेंडर अवार्ड होने के बाद संबधित ठेकेदार ने कुछ हिस्से में पाइप बिछा दिए लेकिन इसके बाद से कार्य बंद पड़ा है। ट्रहाई गांव के प्रगतिशील किसान प्रीतम सिंह ठाकुर, प्रदीप ब्रागटा, मनोहर सिंह ठाकुर, राजेश ठाकुर, सुरेश वर्मा, राजेंद्र ठाकुर और देवेंद्र नंबरदार सहित अनेक किसानों ने संयुक्त बयान में बताया कि जल शक्ति विभाग की उदासीनता के चलते इस योजना का निर्माण कार्य कई महीनों से अधर में लटका है।
निर्माण कार्य में हो रही देरी बारे शीघ्र ही मुख्यमंत्री और सिंचाई मंत्री से भेंट की जाएगी। प्रीतम ठाकुर ने बताया कि करीब 40 वर्ष पूर्व आईपीएच विभाग द्वारा भज्जीनाला से ट्रहाई के लिए कूहल बनाई थी। सहायक अभियंता जेएसवी कोटी सब डिविजन विनोद शर्मा ने बताया कि ठेकेदार के पास लेबर न होने से निर्माण कार्य बंद है। शीघ्र ही इस बारे कार्यवाही की जाएगी।