19 वर्षीय विशाल भारद्वाज देहलां (ऊना) के रहने वाले हैं।
- फोटो : अमर उजाला
चौथी एशियन जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने वाले विशाल भारद्वाज अब प्रो कबड्डी लीग में दमखम दिखाएंगे। एशियन चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन के बूते उन्हें तेलगू टाइटंस टीम में शामिल किया गया है। जल्द विशाल को प्रशिक्षण के लिए बुलाया जाएगा।
19 वर्षीय विशाल भारद्वाज देहलां (ऊना) के रहने वाले हैं। पिछले तीन वर्षों से साई हॉस्टल बिलासपुर में कबड्डी का प्रशिक्षण ले रहा है। साथ ही बिलासपुर कॉलेज से ही बीए कर रहे हैं। विशाल ने आठवीं से कबड्डी खेलना शुरू किया था।
उनके गुरु सुशील ने विशाल को स्कूल से ही कबड्डी की कोचिंग देना शुरू किया था। उनके मार्गदर्शन में विशाल ने कबड्डी की बारीकियां सीखीं और फिर साई हॉस्टल बिलासपुर में प्रवेश पाया। विशाल के पिता विद्यासागर खेतीबाड़ी करते हैं, जबकि माता अंजू देवी गृहिणी हैं।
उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पढ़ाई की हैं। विशाल के मुताबिक उनके पिता ने खेतीबाड़ी करते हुए कभी कोई कमी नहीं आने दी और अपने खेल में आगे बढ़ने के लिए भी हमेशा प्रोत्साहित किया है। अभी तक विशाल करीब आठ सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर नेशनल खेल चुके हैं।
सीनियर एशियाड गेम्स पर भी नजर
अमर उजाला से बातचीत में विशाल भारद्वाज ने बताया कि एशियन जूनियर कबड्डी चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने के बाद अब उनकी नजर 2018 में होने वाली सीनियर एशियाड गेम्स पर है। इसके लिए वह मेहनत कर रहे हैं। उनका सपना है कि वह प्रदेश और देश का नाम पूरे विश्व में रोशन करें।