फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमरिंदर के शपथ समारोह में राहुल-मनमोहन से मिले वीरभद्र, इस मुद्दे पर की मंत्रणा

Fri, 17 Mar 2017 10:11 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
चंडीगढ़ में वीरवार को पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के शपथ ग्रहण समारोह में हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की। सीएम ने दोनों नेताओें से देश और प्रदेश में कांग्रेस की स्थिति पर मंत्रणा की।
विज्ञापन


वीरभद्र ने प्रदेश कांग्रेस सरकार की अगली रणनीति पर भी चर्चा की। सीएम चंडीगढ़ में शपथ ग्रहण समारोह के बाद शिमला लौट आए हैं। बताया जा रहा है कि सीएम 18 मार्च को भोरंज उपचुनाव के लिए टिकट फाइनल कराने दिल्ली जाएंगे।

शिमला पहुंचकर सीएम वीरभद्र सिंह ने मणिपुर और गोवा में भाजपा सरकारों पर सवाल उठाए। पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में सीएम ने गोवा और मणिपुर के राज्यपालों की भूमिका पर सवाल खड़ा करते कहा कि इन राज्यों में सत्ता हथियाने के लिए लोकतंत्र की हत्या हुई है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि राज्य में विकास तेज गति से हो रहा है और जो लक्ष्य सरकार ने रखे हैं, उन्हें समय पर पूरा किया जाएगा। राज्य में युवाओं को रोजगार देने का सिलसिला जारी रहेगा और इस बार इतनी भर्तियां हो रही हैं, जो न पहले हुई थीं और न ही आगे होंगी। 
विज्ञापन

कैप्टन की जीत ने दिग्गज कांग्रेसियों की आस बंधाई

पंजाब में पूर्ण बहुमत से बनी कांग्रेस सरकार ने पार्टी के दिग्गज नेताओं को आने वाले समय में उत्तर भारत में फिर से कांग्रेस का डंका बजने की आस बंधा दी है। वीरवार को पंजाब राजभवन में कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनकी कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे कांग्रेस नेता काफी उत्साहित नजर आए और उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में कांग्रेस हिमाचल के साथ हरियाणा और राजस्थान में भी अपनी सरकार बनाएगी।

पंजाब की सत्ता में दस साल के अंतराल के बाद हुई कांग्रेस की वापसी और कांग्रेस के सत्ता संभालने का जश्न भले ही सादा रहा, लेकिन कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह समेत कांग्रेस के कई केंद्रीय नेताओं की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया कि कांग्रेस इस सफलता में अपना भविष्य देख रही है।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम के बाद हिमाचल के सीएम वीरभद्र सिंह ने पत्रकारों से बातचीत में कैप्टन के नेतृत्व में कांग्रेस को पंजाब में मिली सफलता की सराहना की। उन्होंने कहा कि भाजपा को यूपी में बहुमत मिला, लेकिन मणिपुर और गोवा में भाजपा ने धोखे से सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि पंजाब की जीत साफ संकेत है कि आने वाले समय में कांग्रेस भाजपा के असंवैधानिक कार्यों का करारा जवाब देगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब जीत लिया है और अगली बारी हरियाणा व राजस्थान की है। हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने कैप्टन अमरिंदर की जीत को उत्तर भारत में कांग्रेस के बढ़ते वर्चस्व का प्रतीक बताते हुए कहा कि हरियाणा में भी अगली सरकार कांग्रेस की ही होगी, भले ही हरियाणा में आज चुनाव करा लिए जाएं। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के झूठे वादों की राजनीति को समझ गए हैं। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें