राजधानी शिमला में ऑनलाइन मकानों के नक्शे पास करने की सुविधा मार्च माह में ही शुरू हो जाएगी। नगर निगम ने 31 मार्च से पहले शिमला में यह सेवा शुरू करने का लक्ष्य रखा है। ऑनलाइन नक्शे पास करवाने के लिए आवेदन करने में लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत पेश न आए इसके लिए सॉफ्टवेयर को पब्लिक फ्रेंडली बनाया जा रहा है। ऑनलाइन नक्शे पास करने के लिए सॉफ्टवेयर बनाने वाली कंपनी नगर निगम के समक्ष प्रेजेंटेशन दे चुकी है।
नगर निगम अधिकारियों की ओर से दिए गए सुझावों और आपत्तियों के आधार पर सॉफ्टवेयर में कस्टमाइजेशन का काम इन दिनों चल रहा है। शिमला के लोगों को अब मकान का नक्शा पास करवाने के लिए नगर निगम दफ्तर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। नक्शा पास करने के लिए आवेदन से लेकर अप्रूवल तक पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। नगर निगम कार्यालय में बिना कोई कागज जमा करवाए मकान का नक्शा पास हो सकेगा। इसके लिए लोगों को ऑनलाइन फार्म भरना होगा।
प्रोसेसिंग फीस भी ऑनलाइन जमा होगी
शहरी विकास विभाग की ओर से बनाए गए फार्म को आंशिक बदलावों के साथ नगर निगम क्षेत्र के लिए भी इस्तेमाल किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन के लिए लोगों को कोई भी हार्ड कॉपी जमा नहीं करवानी होगी। आवेदन की जांच और रिकार्ड के लिए नगर निगम अपने स्तर पर ऐप्लीकेशन के प्रिंट आउट लेगा।
ऑनलाइन आवेदन के बाद नक्शा पास करवाने की प्रोसेसिंग फीस भी ऑनलाइन ही जमा करवानी होगी। ऑनलाइन नक्शा पास करने के लिए लोगों को एप्लीकेशन के साथ सभी अनिवार्य डाक्यूमेंट स्कैन करके अटैच करने होंगे। सभी प्रकार के एनओसी भी स्कैन कर अटैच करने होंगे। कोई भी कागज नगर निगम के दफ्तर में जा कर जमा नहीं करवाना होगा।
ऑनलाइन एप्लीकेशन फार्म में ही आवेदकों से वांछित जानकारी ले ली जाएगी, बावजूद इसके यदि नक्शा पास करने में अगर कोई ऑब्जेक्शन लगता है तो आवेदक को आनलाइन ही इसे लेकर सूचित कर दिया जाएगा। ऑन लाइन सुविधा शुरू होने के बाद लोग अपनी एप्लीकेशन का स्टेटस ऑन लाइन ही जान सकेंगे। एप्लीकेशन कहां पहुंची है, क्या स्टेटस है इसकी पूरी जानकारी ऑनलाइन मिल जाएगी।
ऐसे करना होगा आवेदन
नगर निगम के वरिष्ठ वास्तुक योजनाकार राजीव शर्मा ने बताया कि भवनों के नक्शे आनलाइन पास करने की सुविधा इसी माह से शहर के लोगों को देने का प्रयास किया जा रहा है। सॉफ्टवेयर को पब्लिक फ्रेंडली बनाने पर काम चल रहा है। ऑनलाइन सुविधा शुरू होने के बाद लोग घर बैठे नक्शों की स्वीकृति के लिए आवेदन कर सकेंगे।
नक्शा पास करने के लिए नगर निगम की वेबसाइट पर लिंक दिया जाएगा। ऑन लाइन नक्शा पास करवाने के लिए एमसी एक्ट के तहत सभी जानकारियां देनी होंगी। अगर आधी अधूरी या गलत जानकारी दी गई तो वेबसाइट पर नक्शा पास करने की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकेगी। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने के कारण निगम के संबंधित अधिकारी व कर्मचारी जानबूझ कर नक्शा पास करने में देरी भी नहीं कर सकेंगे।
मोबाइल टावर के लिए अब ऑनलाइन होगा अप्लाई
शहर में मोबाइल टावर लगाने के लिए भी अब टेलीकॉम कंपनियों को नगर निगम के पास ऑन लाइन ही अप्लाई करना होगा। फिजिबिलिटी जांचने के बाद नगर निगम टॉवर लगाने की परमिशन ऑन लाइन ही जारी करेगा।
ऑन लाइन नगर निगम को देनी होगी यह जानकारी
. शपथ पत्र
. साइट प्लान
. बिल्डिंग प्लान
. जमीन की रजिस्ट्री
. मालिक का नाम व पूरा पता
. नक्शा बनाने वाले आर्किटेक्ट के हस्ताक्षर व मुहर
. हाउस टैक्स की एनओसी
. डेवलपमेंट चार्ज