प्रदेश कुश्ती संघ महासचिव जगदीश राव, डीएसपी अजय ठाकुर
- फोटो : संवाद
पेरिस ओलंपिक में पहलवान विनेश के इस तरह बाहर हो जाने से खेल प्रेमियों के साथ-साथ कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों का दिल भी टूट गया। पूर्व अंतरराष्ट्रीय पहलवान और प्रदेश कुश्ती संघ महासचिव जगदीश राव ने टिप्पणी देते हुए कहा कि भारत के हाथ से गोल्ड छिटक गया। जिस तरह विनेश खेल रही थीं, फाइनल में उनका जीतना लगभग तय था। यह विनेश के साथ-साथ पूरे देश के लिए बड़ा नुकसान है। ओलंपिक जैसे खेल महाकुंभ में इस तरह का प्रदर्शन बार-बार करना खिलाड़ी के लिए मुश्किल होता है।
हालांकि, वजन के नियम पर जगदीश ने कहा कि नियम सबके के लिए बराबर हैं। इसमें किसी की गलती नहीं मानी जा सकती है। सोशल मीडिया में मामले को लेकर राजनीति की बात पर उन्होंने कहा कि नियम तो नियम है। इसमें षड्यंत्र जैसी कोई बात नहीं। सब कुछ आपके सामने होता है। कैमरे लगे होते हैं। वजन करने वाली मशीन गलत नहीं हो सकती। मामले को राजनीतिक तुल देना गलत है। इस समय पूरे देश को विनेश के साथ खड़े रहना चाहिए। विनेश बेशक चूक गईं लेकिन उनकी मेहनत और प्रदर्शन को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।