कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह(फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश के शिमला ग्रामीण से कांग्रेस विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मंडी में प्रेसवार्ता में कहा कि भाजपा सेना की हितैषी होती तो विक्रम बतरा की मां की सुध लेती। उन्होंने भाजपा पर संगीन आरोप लगाया कि भाजपा अब चुनाव जीतने के लिए शराब और पैसे बांटेगी। भाजपा धन-बल के दम पर चुनाव लड़ रही है, जबकि कांग्रेस जन बल के दम पर। मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता प्रबुद्ध है। किसी के प्रलोभन या झांसे में नहीं आएगी। कांग्रेस भाजपा की इस हरकत पर पैनी नजर रखेगी। भाजपा के पास उपचुनावों में कोई मुद्दा नहीं है। लोग महंगाई से त्रस्त हैं। कोरोना के कारण जिन लोगों पर संकट आया है, सरकार उनकी कोई मदद नहीं सकी है।
कहा कि मंडी संसदीय सीट को सीएम जयराम ठाकुर ने अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बना लिया है। यही कारण है कि उन्हें पंचायतों में जाकर जनसभाएं करनी पड़ रही हैं। यदि विकास किया होता तो कभी लोगों के पास ऐसे वोट मांगने के लिए नहीं जाना पड़ता। उन्होंने सीएम को खुली चुनौती दी कि वे मंडी जिले में किए चार बड़े विकास कार्य गिनवा दें। जयराम ठाकुर प्रदेश के इकलौते मुख्यमंत्री हैं, जो क्षेत्रवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। कांग्रेस मुद्दा आधारित राजनीति पर जोर दे रही है, लेकिन भाजपा चुनावी मुद्दों को भटकाने की कोशिश कर रही है। महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा हैं।