कुफरी में पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी ने पूछताछ में किए कई सनसनीखेज खुलासे
क्रॉसर
दो महीने पहले भी पत्नी के साथ आ चुका था शिमला
पत्नी की हत्या की साजिश रचकर शिमला घुमाने लाया
26 सितंबर को चायल ले जाकर उतार दिया मौत के घाट
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। पर्यटक स्थल कुफरी में महिला की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी पति ने कई सनसनीखेज खुलासे किए हैं। आरोपी ने पत्नी की हत्या के लिए खुद का जन्मदिन चुना था। आरोपी ने पत्नी से कहा कि वह अपने जन्मदिन पर उसे शिमला घुमाने ले जाना चाहता है। पति की साजिश से अनजान पत्नी उसके साथ शिमला चली आई और 26 सितंबर को आरोपी ने अपनी साजिश को अंजाम दे दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी अरविंद मलिक निवासी जींद सिटी हरियाणा ने बताया कि कब और कैसे उसने अपनी पत्नी सोफिया को मौत के घाट उतारा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह दो महीने पहले भी अपनी पत्नी और बेटे के साथ शिमला आया था। यह उस समय भी कोटी के ही एक होटल में ठहरा था। बताया कि उस समय से इसकी पत्नी के साथ अनबन चल रही थी। पत्नी इस पर अपने घर ले जाने का दबाव डाल रही थी।
इसके दो महीने बाद आरोपी फिर बेटे और पत्नी को लेकर शिमला आया तथा कोटी के उसी होटल में जाकर कमरा ले लिया। 26 सितंबर को आरोपी अरविंद का जन्मदिन था। अपने जन्मदिन पर घुमाने के बहाने यह पत्नी और बेटे को होटल से निकालकर गाड़ी में चायल की तरफ चला गया।
छलांडा के पास इसने सुनसान रास्ते पर गाड़ी रोक दी। यहां पेशाब करवाने के बहाने इसने अपने तीन साल के बेटे को गाड़ी से बाहर निकाल लिया। इसके बाद बड़ा पत्थर उठाकर गाड़ी के भीतर बैठी पत्नी के सिर पर दे मारा। इसने कई वार पत्नी सोफिया पर किए। इससे वह लहूलुहान होकर बेसुध हो गई, आरोपी ने उसे मरा समझकर वाहन को न्यूटल कर जंगल में धकेल दिया ताकि लगे कि यह एक हादसा है। इसके बाद पुलिस हेल्पलाइन सेवा 112 पर कॉल कर सूचना दी कि उसकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई है।
यह पूरा मामला
आरोपी अरविंद मलिक अपनी पत्नी और बेटे को लेकर 25 सितंबर को शिमला पहुंचा। 26 सितंबर को उसने गाड़ी दुर्घटना होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और सोफिया को अस्पताल ले आए। चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर महिला को शिमला से पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। महिला ने आठ अक्तूबर को पुलिस को बयान दिया कि वह हादसे में नहीं बल्कि पति की पिटाई में घायल हुई है। आरोपी ने वारदात को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की है। इसके बाद महिला 12 अक्तूबर को मौत हो गई थी। इस पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया था। आरोपी की यह दूसरी शादी थी। पहली पत्नी को इसकी जानकारी थी लेकिन सोफिया इस पर दबाव बना रही थी कि उसे भी अपने घर पर रखें।
आरोपी के साथ रीक्रिएट किए सीन
डीएसपी सिटी मंगत राम के नेतृत्व में इस मामले की जांच की जा रही है। सोमवार को पुलिस ने आरोपी को घटनास्थल ले जाकर सीन रीक्रिएट किया। पुलिस ने उन पत्थरों को भी कब्जे में लिया जिनसे सोफिया पर वार दिए थे। वहीं अदालत ने आरोपी का पांच दिन तक का रिमांड बढ़ा दिया है।