देश के लिए सामरिक रूप से अति महत्वपूर्ण अटल टलन रोहतांग का उद्घाटन शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर दिया। इसके बाद सेना और सामान्य लोगों के वाहनों का आवागमन भी शुरू हो गया लेकिन, हिमाचल पुलिस अभी तक इसकी सुरक्षा को लेकर कोई ठोस रणनीति नहीं बना सकी है। पुलिस मुख्यालय ने बोर्ड ऑफ आफिसर्स का गठन किया था। इसमें पुलिस के अलावा आईबी के अधिकारी भी शामिल थे। सभी ने इलाके का सर्वे कर मुख्यालय को एक रिपोर्ट सौंपी, जिसमें दोनों छोरों पर पुलिस पोस्ट बनाने से लेकर कई तरह की सिफारिशें की गईं।
वैसे तो टनल के शुरू होने से पहले ही उसकी सुरक्षा का खाका तैयार हो जाना चाहिए था लेकिन, पुलिस के ढुलमुल रवैये का नतीजा यह है कि टनल की सुरक्षा भी प्रदेश के किसी आम स्थान की तरह ही की जा रही है। नार्थ और साउथ पोर्टल पर लाहौल और कुल्लू पुलिस के कर्मी तैनात हैं। हालांकि, सेना पुलिस जरूर टनल के अंदर वाहन रोके जाने पर पूछताछ कर रही है। अब देखना यह है कि इस टनल की सुरक्षा का खाका कब तक तैयार होता है और उसके हिसाब से सुरक्षा बंदोबस्त कब तक किए जाएंगे।