शिमला की ठंडी वादियों में लाल-पीला हो गया टमाटर
शिमला। प्याज से पहले ही तौबा कर चुके लोगों को अब लाल रसीले टमाटर ने भी परेशान कर दिया। 60 रुपये किलो बिक रहा प्याज तीन हफ्ते से इसी रेट पर टिका है, वहीं टमाटर 80 रुपये किलो पहुंच गया है। लोगों का कहना है कि प्याज महंगा होने के बाद वह टमाटर का अधिक इस्तेमाल कर रहे थे लेकिन अब वह भी बजट से बाहर हो गया है।
शिमला जैसे महंगे शहर में सब्जियों के बढ़ते दामों ने आम लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। नवरात्र के चलते हालांकि लोग प्याज कम खरीद रहे हैं, लेकिन टमाटर के दामों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। कुछ लोग ऐसे भी हैं जो अब महज जीरे का तड़का ही लगा रहे हैं। सब्जी विक्रेताओं का कहना है कि टमाटर की आमद बहुत कम हो गई है। मंडी में आजकल महज 80 किलो टमाटर ही पहुंच रहा है। मांग अधिक होने और सप्लाई कम होने के कारण इसके दामों में बढ़ोतरी हुई है। कुछ दिनों से टमाटर 40 से 60 रुपये किलो बिक रहा था लेकिन दो दिन में ही टमाटर के दाम 20 रुपये और बढ़ गए। सब्जी विक्रे ताओं का कहना है कि नवरात्र में लोग प्याज कम और टमाटर ज्यादा खरीदते हैं। अचानक टमाटर के दाम बढ़ने से लोगों ने अब टमाटर खरीदना भी कम कर दिया है।
लोकल मंडी में इन दिनों घटिया क्वालिटी का टमाटर आ रहा है। मंडी में इन दिनों टमाटर की आमद भी घट गई है। लोकल टमाटर की सप्लाई भी कम हो गई है। बाहरी जिलों से भी बहुत कम मात्रा में टमाटर आ रहा है। सब्जी मंडी के अध्यक्ष विशेषवर नाथ ने कहा कि लोकल किसानों की टमाटर की खेती अंतिम चरण पर है। बाहरी राज्य से भी बहुत कम मात्रा में टमाटर की सप्लाई आ रही है। ऐसे में टमाटर के दाम बढ़ गए हैं।
पिछले सप्ताह दाम इस सप्ताह दाम
प्याज 60 60
टमाटर 30 80
बीन 30 50
फूलगोभी 30 50
शिमला मिर्च 30 40
(नोट : सब्जियों के भाव रुपये प्रतिकिलो में दिए हैं)