केंद्रीय गृह राज्य मंत्री किरण रिजिजू मंगलवार को 17वीं बटालियन आईटीबीपी रिकांगपिओ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किन्नर कैलाश में करीब 600 श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के लिए आईटीबीपी जवानों की जमकर प्रशंसा की।
हिमाचल में अन्य आपदाओं के दौरान आईटीबीपी के प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने भविष्य में भी बेहतर कार्य जारी रखने के लिए जवानों को प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि किन्नौर सीमावर्ती क्षेत्रों में होने के नाते यहां की गतिविधियों पर नजर रखना उनकी ड्यूटी है। किन्नौर में केंद्र सरकार की योजनाएं और कार्यक्रम अच्छी तरह से चल रहे हैं।
उन्होंने आईटीबीपी द्वारा आयोजित स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्थानीय लोगों को कूडे़दान और अन्य संतृप्ति उत्पाद भी वितरित किए। इससे पूर्व मंत्री का किन्नौरी टोपी और फूल मालाओं से स्वागत किया।
इस अवसर पर उपायुक्त किन्नौर डॉ. अवनिंद्र शर्मा, पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा, कमांडेंट आईटीबीपी अर्जुन नेगी, पूर्व विधायक किन्नौर तेजवंत नेगी, भाजपा किन्नौर अध्यक्ष विनय नेगी, आईटीबीपी के एसएस गोरिया, डीआईजी रमन खंडवाल, कमांडेट 19 बटालियन विजय डोगरा आदि मौजूद रहे।