एसीएफ पांवटा साहिब आदित्य शर्मा की अगुवाई में आरओ पांवटा साहिब सुरेंद्र शर्मा, आरओ माजरा सचिन शर्मा सहित बीओ व रक्षकों की टीम ने गांव घुतनपुर में रिहायशी मकान में दबिश दी। इस दौरान घर से बड़ी मात्रा में जंगली जानवरों के अवशेष बरामद किए गए। इसमें एक तेंदुए की खाल, तेंदुए के 4 से 5 इंच मांस के टुकड़े के साथ मूंछें, नाखून तथा बिना नाखून के पंजा बरामद हुआ। इसके अलावा घोरल के 3 जोड़े सींग, ककड़ के 2 जोड़े सींग बरामद किए गए। मौके पर तेजधार हथियार भी बरामद किए गए।
टीम को झेलना पड़ा लोगों का विरोध
कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मौके पर मौजूद लोगों ने कार्रवाई पर सवाल उठाए और इसे साजिश करार दिया। ग्रामीणों ने मांग उठाई कि इस मामले में फंसाया भी जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों से घटना की निष्पक्ष जांच की मांग भी की। वहीं, एएसीएफ आदित्य शर्मा ने बताया कि विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के बाद कार्रवाई की है। उन्होंने बताया कि मामले में दो आरोपियों अख्तर अली व सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को अदालत के समक्ष पेश किया गया। अदालत ने 18 अप्रैल तक रिमांड पर रखने के आदेश दिए हैं। मामले में जांच की जा रही है कि यह कितने समय से इस धंधे में लगे थे और इनके साथ कितने अन्य लोग शामिल हैं। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि यदि कोई आसपास वन्य जीवों का शिकार करता है तो इसकी सूचना विभाग को दें। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कार्रवाई पर सवाल उठा रहे थे। कार्रवाई नियमानुसार की गई है और दो स्वतंत्र गवाहों के समक्ष की गई है। इसकी बाकायदा वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है।