देहरा के पाइसा गांव में खड्ड में डूबने से चार और पांच वर्ष के चचेरे भाई बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चे स्कूल के बाद खेलते-खेलते खड्ड की ओर चले गए थे। बच्चों के पिता सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार देहरा के पाइसा गांव के अक्षरा (4) पुत्री राजिंद्र कुमार और आर्यन (5) पुत्र अशोक कुमार नर्सरी कक्षा में पढ़ते थे। स्कूल से छुट्टी के बाद दोनों बच्चे घर पहुंचे और बाद में खेलते-खेलते एक अन्य बच्चे के साथ घर से कुछ दूरी पर नकेड़ खड्ड की ओर चले गए।
आर्यन और अक्षरा खड्ड के पानी के पास चले गए। तीसरी बच्ची मन्नत (4) भी खड्ड के पास खड़ी रही। कुछ देर बाद वह वापस लौट आई। घटना देर शाम करीब पांच बजे हुई। कुछ दूरी पर कपड़े धो रही महिलाओं ने तीनों को खड्ड की जाते देखा था। लेकिन, जब वापस एक ही बच्ची लौट रही थी तो उन्हें शक हुआ तो उन्होंने बच्ची से पूछा कि तुम्हारे दोस्त कहां हैं।