मेजर विजय सिंह मनकोटिया को प्रदेश पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष पद से हटाने के बाद कांग्रेस की सियासत फिर गर्म हो गई है। इस झटके के बाद आक्रामक स्वभाव के कांग्रेस नेता मनकोटिया चुप बैठने वाले नहीं हैं।
वे सीएम के रास्ते में दोबारा रोडे़ डाल सकते हैं। एक दशक पहले उन्होंने विधायक रहते भी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ बहुचर्चित सीडी मामला उठाकर गंभीर आरोप लगाए थे।
बाद में उन्होंने वीरभद्र सिंह से कुछ शर्तों के साथ समझौता कर लिया था। कुर्सी छिनने के बाद अब वे फिर हमलावर रुख अपना सकते हैं। मनकोटिया की वीरभद्र सिंह के साथ लंबे वक्त तक तकरार रह चुकी है। यह तनातनी पूर्व वीरभद्र सरकार में ज्यादा बढ़ गई थी, जब मनकोटिया को पर्यटन मंत्री पद से हटाया गया था।
कांग्रेस विधायक रहते मनकोटिया ने उस वक्त सीएम के खिलाफ एक ऑडियो कैसेट जारी कर इसमें उनकी आवाज बताते हुए भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। वीरभद्र सरकार में अपने बगावती रवैये के कारण मनकोटिया को मंत्री पद गंवाना पड़ा था।