रोज अटल टनल से आर-पार हो रहे 4,000 वाहन, लग रहा जाम
पिछले तीन दिन से अटल टनल रोहतांग से रोज करीब 4,000 वाहन आर-पार हो रहे हैं। इससे अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल से सिस्सू तक सुबह से शाम तक जाम लग रहा है। चार किलोमीटर के दायरे में दिनभर वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं। नॉर्थ पोर्टल, सिस्सू और कोकसर की तरफ के पार्किंग स्थल पर पैक होने से सैलानी मजबूर होकर अपने वाहनों को सड़क किनारे पार्क करने को मजबूर हैं। बर्फ गिरने के बाद कुल्लू-मनाली और लाहौल में लगातार सैलानियों की भीड़ बढ़ रही है और स्नो प्वाइंट भी गुलजार हो गए हैं। शुक्रवार को पर्यटक कोकसर के समीप यंद्रक पहुंचे और यहां सैलानियों ने स्की ट्यूब और एटीवी राइडिंग का खूब आंनद लिया। पुलिस प्रशासन के मुताबिक अटल टनल रोहतांग से होकर दोनों तरफ से करीब 4,000 से अधिक वाहन आर-पार हो रहे हैं। एटीवी यूनियन के प्रधान आशीष, मनाली में स्कीइंग के प्रधान अनूप राज, कोटबूट यूनियन के प्रधान अमर चंद ने बताया कि मनाली में पर्यटकों की आमद बढ़ रही है।