पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते प्रदेश में मौसम बिगड़ने लगा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 11 से 14 नवंबर तक कई क्षेत्रों में 12 से 14 नवंबर तक बारिश-बर्फबारी होने के आसार हैं।
रविवार को शिमला सहित प्रदेश के अधिकतर इलाकों में सुबह से ही बादल छाए हैं। इससे तापमान में भी कमी महसूस की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉक्टर मनमोहन सिंह के अनुसार राज्य में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते 11 से 14 नवंबर तक मौसम खराब बना रहेगा।
इस दौरान प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल स्पीति में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू व चंबा के कुछ क्षेत्रों में 13 और 14 नवंबर को बारिश होने की संभावना है। विभाग के अनुसार 15 नवंबर से मौसम साफ रहेगा।