सुंदरनगर (मंडी)।
उपमंडल के सलापड़ सब डिपो में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत अनुदान पर मिलने वाले रिफाइंड तेल के पैकेट में पानी निकलने के मामले की जांच होगी। खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने अधिकारियों को मामले की जांच करने के आदेश दिए हैं। कहा कि अगर गड़बड़ी पाई गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिस अलॉट में रिफाइंड तेल के पैकेज में पानी मिलने की शिकायत मिली है, उसे अलॉट की जांच की जाएगी। सरकार के जांच के आदेश के बाद उपभोक्ताओं को राहत मिली है।
सुंदरनगर के सलापड़ में दो दिन पहले डिपो से लोगों ने अनुदान पर मिलने वाला राशन लिया। जब घर जाकर रिफाइंड तेल के पैकेट खोले तो उसमें पानी पाया गया। करीब आधा दर्जन उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत डिपो होल्डर से की। उन्होंने बताया कि उनके रिफाइंड तेल के पैकेट में पानी निकला है। डिपो में इस बारे आई शिकायत के बाद सेल्समैन ने सुंदरनगर स्थित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी को सूचित किया।
सूचना मिलने पर खाद्य आपूर्ति निरीक्षक सुंदरनगर रामस्वरूप ने मौके का दौरा किया और स्थानीय लोगों से पानी निकले पैकेट जांच के लिए लिए। उन्हें राहत देते हुए रिफाइंड के अन्य पैकेट प्रदान किए गए। खाद्य आपूर्ति विभाग ने उपभोक्ताओं से लिए गए पैकेट को जांच के लिए शिमला लैब में भेजा है।
संवाद