बेटे ने पिता पर दराट से किया हमला, कार में भी तोड़फोड़।
- फोटो : संवाद
बैजनाथ के एसडीएम कोर्ट के बाहर जमीनी विवाद को लेकर मनमुटाव पर बेटे ने दोस्त के साथ मिलकर दराट और रॉड से हमला कर पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी के बात यह है कि आरोपियों ने यह वारदात को एसडीएम कोर्ट के बाहर अंजाम दी। वहीं, पालमपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायल को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
पुलिस से जानकारी के अनुसार मई 2023 में लेखराज (57) निवासी पपरोला और उनके पुत्र विनोद कुमार (35) के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद विनोद अपनी मौसी के यहां रह रहा था। इसी मामले को लेकर मंगलवार को बैजनाथ स्थित मिनी सचिवालय के एसडीएम कोर्ट में उनकी पेशी थी। पेशी के लिए लेखराज अपनी पत्नी और दूसरे बेटे के साथ न्यायालय पहुंचे थे। न्यायालय में पेशी के बाद सुबह 11:30 बजे लेखराज कार की ड्राइविंग सीट पर बैठ गए, जबकि, उसकी पत्नी और दूसरा बेटा बाहर खड़े थे। इसी दौरान आरोपी विनोद और उसके साथी पवन ने अचानक दराट और लोहे की रॉड से उनपर हमला कर दिया। इस दौरान दोनों आरोपियों ने पत्थर और ईंट से गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। हमले में घायल लेखराज को पालमपुर सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां से उन्हें टांडा भेज दिया।