मॉर्निंग असेंबली के दौरान मुर्गा बनाने पर सातवीं के एक छात्र ने स्कूल छोड़ दिया है।
- फोटो : Demo pic
हिमाचल के जिला चंबा के कबायली क्षेत्र पांगी के एक सरकारी स्कूल में मॉर्निंग असेंबली के दौरान मुर्गा बनाने पर सातवीं के एक छात्र ने स्कूल छोड़ दिया है। बच्चे की जिद्द को देखते हुए अभिभावकों ने एसडीएम पांगी से मिलकर मुर्गा बनाने वाले शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अभिभावकों ने कहा कि छात्र स्कूल नहीं गया तो उसका भविष्य खराब हो जाएगा। वे उसे पढ़ाना चाहते हैं लेकिन शिक्षक के डर से छात्र स्कूल नहीं जा पा रहा है। एसडीएम पांगी कर्म सिंह चौधरी ने इस मामले की जांच शिक्षा उपनिदेशक पांगी को सौंपकर जल्द रिपोर्ट मांगी है।
उन्होंने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में विद्यार्थी को शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना नहीं दी सकती। रिपोर्ट मिलने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। दरअसल, पांगी के साहली पंचायत के छात्र के पिता ने शिकायत में बताया है कि उसका बेटा सातवीं में पढ़ता है।
कुछ दिन पहले उसे बुखार हो गया। ऐसे में स्कूल न भेजकर घर पर आराम करने की सलाह दी। स्वास्थ्य थोड़ा ठीक हुआ तो छात्र अगले दिन स्कूल पहुंचा। स्कूल में सुबह की सभा में छात्र को सबके सामने मुर्गा बनाया गया, जिससे उसे गहरी ठेस पहुंची है।
अब छात्र स्कूल जाने को राजी नहीं है। छात्र के पिता का आरोप है कि इस बारे में स्कूल शिक्षकों से भी बात की गई लेकिन उन्होंने दायित्व निभाने की बताय बच्चे को स्कूल में न पढ़ाने की बात कही।