उधर, सहकारिता मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बुधवार को बेहतरीन कार्य करने वाली चार सहकारी सभाओं को पुरस्कृत किया। राज्य सचिवालय में समीक्षा बैठक के दौरान सहकारिता मंत्री ने पुरस्कार दिए। राज्य की चयनित प्राथमिक समिति द शिखर हथकरघा और हस्तशिल्प बुनकर सहकारी सभा रामपुर, द पठियार कृषि सहकारी सभा नगरोटा बगवां को सहकारी उत्कृष्ठता पुरस्कार और द भुट्टी बुनकर सहकारी भुंतर और द धार छटोत्रयां कृषि सहकारी सभा जयसिंहपुर को सहकारी मेरिट पुरस्कार प्रदान किया गया।
सुरेश भारद्वाज ने बताया कि समीक्षा करने के बाद पुरस्कार के लिए इन सभाओं का चयन किया गया। प्रदेश सरकार सराहनीय प्रदर्शन करने वालों को सदैव प्रोत्साहित करती रही हैं और भविष्य में भी ऐसे लोगों को उल्लेखनीय कार्य के लिए बढ़ावा दिया जाएगा। सहकारी क्षेत्र में किसानों और बागवानों की आय को बढ़ाने, उनके उत्पादन को उचित विपणन और अन्य सुविधाएं प्रदान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने सहकारिता विभाग के अधिकारियों को लोगों को सहकारी योजनाओं के बारे जागरूक कर उन्हें लाभान्वित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम शिमला के क्षेत्रीय निदेशक राकेश वर्मा, सचिव सहकारिता अक्षय सूद, पंजीयक राज्य सहकारी सभाएं राजेश शर्मा, राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक श्रवण मांटा सहित कई अन्य मौजूद रहे। इस दौरान अरावली क्लस्टर आधारित व्यापार संगठन के निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने प्रदेश में किसान उत्पादक संगठन के योगदान पर प्रस्तुति दी।